
सीकर। पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण के जन्म दिवस को जड़ी बूंटी दिवस के रूप में मनाया गया। इस उपलक्ष में कोलीड़ा खेल स्टेडियम में गिलोय, एलोवेरा, आंवला, नीम व जामुन के पौधे लगाए गए। इस मौके पर गिलोय व ग्वारपाठा की पौध का वितरण भी किया गया। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला संयोजक बृजमोहन मील ने आचार्य बालकृष्ण द्वारा आयुर्वेद के क्षेत्र में किए गए कार्यों व औषधीय पौधों की उपयोगिता के बारे में बताया। शिक्षक लालबहादुर शर्मा ने बताया कि तुलसी, गिलोय व एलोवेरा औषधीय गुणों से भरपूर हैं। इनका विधि पूर्वक सेवन करने से अनेक व्याधियों से मुक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि इन्हे घर की सजावट के लिए गमलों में भी लगाया जा सकता है। शारीरिक शिक्षक मोहर सिंह मील ने कहा कि नीम, आंवला व जामुन बीमारियों के निदान में उपयोगी हैं। उन्हें छाया के लिए भी लगाया जा सकता है। फुटबॉल प्रशिक्षक मांगीलाल रेप्सवाल ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए दिनचर्या व खानपान महत्वपूर्ण है। आयुर्वेद की औषधियों से बिना दुष्प्रभाव के स्वास्थ्य लाभ लिया जा सकता है। अवसर पर इरसाद मुगल, रामपाल सिंह शेखावत, अजय डमोलिया, पंकज सारवान, अंकित मील, नितिन शर्मा, फरहान गौरी, पंकज शर्मा, महेंद्र चौहान, प्रिया चौधरी, प्रियंका चौधरी, सानिया बानो, प्रियंका पायल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।